उत्तराखंड में हाल ही में हुए रिटायर्ड ब्रिगेडियर हत्याकांड के बाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में उत्तराखंड पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया है, जिसके तहत राज्यभर में संदिग्धों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है।
इस अभियान के तहत दून पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिहार के कुख्यात ‘कल्लू गैंग’ से जुड़े एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा साहनी के रूप में हुई है, जो छह महीने पहले ओडिशा के कटक जिला कारागार से जेल तोड़कर फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश में ओडिशा पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस से संपर्क किया था। ओडिशा पुलिस ने सूचना दी थी कि आरोपी को ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट क्षेत्र में एक सुनहरे रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में देखा गया है।
इस जानकारी के बाद देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें ओडिशा पुलिस के अधिकारी भी शामिल थे। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार संख्या पीबी-10-डीएन-0508 को नटराज चौक से टिहरी जाने वाले मार्ग पर सुमन पार्क के पास रोक लिया। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान राजा साहनी के रूप में की गई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
राजा साहनी, बिहार के बेगूसराय जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र का निवासी है और पहले न्यायिक हिरासत में कटक जेल में बंद था। अक्टूबर में जेल से फरार होने के बाद उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी जुटा रही है।