उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब ब्रेक फेल होने के कारण एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब ब्रेक फेल होने के कारण एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि KMOU Limited की बस हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के डीडीहाट की ओर जा रही थी। हादसा भवाली से लगभग 5 किलोमीटर दूर खुपी क्षेत्र में ज्योलीकोट रोड स्थित भूमियाधार मंदिर के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के ब्रेक फेल होने से पहले उसने रास्ते में दो वाहनों को भी टक्कर मारी, जिसके बाद वह पलट गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में घायल 7 लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है, जिनका इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है।वहीं, 2 अन्य घायलों का इलाज नैनीताल के भवाली अस्पताल में चल रहा है। मृतक की पहचान डीडीहाट निवासी सोनू कुमार (30) के तौर पर हुई है। सुनील कुमार उर्फ सोनू मूल रूप से अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे।
कोई संबंधित लेख नहीं मिला।