उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज दो हिस्सों में बंटा हुआ नजर आ रहा है। एक ओर जहां पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान कर दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि 5 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान नियंत्रित बना हुआ है, जिससे वहां गर्मी का असर कम है और ठंडक बनी हुई है। वहीं मैदानी इलाकों, खासकर देहरादून में, सुबह से ही तेज धूप निकल रही है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। दिन के समय चिलचिलाती धूप के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
कोई संबंधित लेख नहीं मिला।